business
रायगढ़ में आदिशक्ति-इंटरप्राइजेस के ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश:जिला जल व स्वच्छता मिशन की बैठक, कलेक्टर ने काम में तेजी लाने के दिए निर्देश
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला जल व स्वच्छता मिशन की बैठकी आयोजित की गई। जिसमें कलेक्टर ने कार्यों की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही काम में लापरवाही बरतते हुए लंबे समय से काम बंद रखने पर मेसर्स आदिशक्ति इंटरप्राइजेस के ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, पूर्ण हो चुकी योजनाओं तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समूह नल जल योजनाओं के लंबित काम की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के काम में रुचि नहीं लेने और लंबे समय से काम बंद रखकर योजनाओं की प्रगति में बाधा उत्पन्न करने वाले ठेकेदार मेसर्स आदिशक्ति इंटरप्राइजेस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को काम की लगातार निगरानी करने व लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। विभिन्न योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत कामों की प्रगति व उनकी वास्तविक जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सीआईआरपी, एसएनए स्पर्श के माध्यम से पूर्ण व हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान, फाइनेंशियल रिकॉन्सिलिएशन और जिले को हर घर जल जिला बनाने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। लो वोल्टेज की समस्या का निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में नल-जल प्रदाय योजनाएं पूरी हो चुकी है, वहां हर घर जल सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे सभी ग्रामों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन ग्रामों की भी जानकारी लेने को कहा जहां नल-जल योजनाओं के संचालन में लगातार कम वोल्टेज व बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्या आ रही है। कलेक्टर ने ऐसे ग्रामों की सूची तैयार कर संबंधित विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
Read full article on Bhaskar