politics
रायसेन में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन:महिलाओं ने 2 घंटे तक सुल्तानगंज-बिलहरा मार्ग पर धरना दिया, आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
रायसेन में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर शनिवार को गोरखी गांव में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। गोरखी के साथ सुनवाहा, कोटिखोह और खामखेड़ा के ग्रामीण भी प्रदर्शन में शामिल हुए। ग्रामीण शराब दुकान बंद करने की मांग कर रहे थे। महिलाओं के सड़क पर बैठने से सुल्तानगंज-बिलहरा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने ‘शराब नहीं, शिक्षा चाहिए’ और ‘शराब दुकान बंद करो’ जैसे नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर शराब दुकान होने से वहां आए दिन शराब पीने वाले लोग इकट्ठा रहते हैं। उनका आरोप है कि इससे महिलाओं को परेशानी होती है और गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने शराब के कारण युवाओं में नशे की आदत बढ़ने और शराब पीकर वाहन चलाने से हादसों का खतरा होने की बात भी कही। अधिकारियों ने ज्ञापन लिया चक्काजाम की सूचना पर बेगमगंज एसडीओपी सोनाली गुप्ता, तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला और सुल्तानगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उनकी मांगें सुनीं और ज्ञापन लिया। एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि गोरखी में लाइसेंसी शराब दुकान कई सालों से संचालित है। ग्रामीणों की दुकान हटाने की मांग जिला प्रशासन तक पहुंचाई गई है। उन्होंने नियमों के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे बाद चक्काजाम खत्म कर दिया। इसके बाद सुल्तानगंज-बिलहरा मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।
Read full article on Bhaskar