crime
सिंगरौली में 11 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाई:स्कूल जाने से पहले भाई से बोली थी- दो मिनट में आ रही हूं
सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र की गोभा चौकी अंतर्गत ग्राम ओरगाई में सोमवार सुबह एक 11 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान कक्षा छठवीं की छात्रा सौम्या साकेत के रूप में हुई है। गोभा चौकी प्रभारी शिवम चौहान के अनुसार, सोमवार सुबह सौम्या के पिता इंद्रजीत साकेत मजदूरी के लिए बाहर गए थे, जबकि मां लकड़ी लेने जंगल गई थीं। घर में सौम्या और उसका छोटा भाई स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। दोनों ने स्कूल की वर्दी पहन रखी थी। भाई करता रहा इंतजार सौम्या का छोटा भाई घर से बाहर निकल गया था। सौम्या ने उससे कहा कि वह दो मिनट में आ रही है और फिर घर के अंदर चली गई। काफी देर तक सौम्या के बाहर न आने पर उसका भाई उसे देखने घर के अंदर गया। वहां उसने सौम्या को स्कूल के बेल्ट के सहारे फांसी के फंदे पर लटका पाया। भाई ने तुरंत मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही गोभा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। सौम्या अपने परिवार की दो संतानों में बड़ी थी और उसका एक छोटा भाई है।
Read full article on Bhaskar