business
सोगरिया-मथुरा के बीच 6 से दौड़ेगी अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन
भरतपुर| त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने का निर्णय लिया है। इसके तहत सोगरिया और मथुरा के बीच 6 नवंबर से अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। ट्रेन 20 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। दोनों दिशाओं में इसके 15-15 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इससे सामान्य श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 02921 सोगरिया-मथुरा अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल 6 नवंबर से प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे सोगरिया स्टेशन से रवाना होगी। यह उसी दिन दोपहर 2:05 बजे मथुरा पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 02922 मथुरा-सोगरिया स्पेशल 6 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 5:10 बजे मथुरा से रवाना होकर रात 10:50 बजे सोगरिया पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन दोनों दिशाओं में इंदरगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीरजी, हिंडौन सिटी, बयाना और भरतपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों को भी त्योहारों के दौरान यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। 12 कोच की होगी अनारक्षित स्पेशल:- इस ट्रेन में कुल 12 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 10 सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। अनारक्षित होने के कारण सामान्य श्रेणी के यात्रियों को यात्रा का अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध रहेगा। रेलवे ने त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए यह व्यवस्था की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से कोटा मंडल के विभिन्न स्टेशनों से मथुरा की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
Read full article on Bhaskar