politics
सहारनपुर मेला गुघाल के संयोजक बने संजय सैनी:चार महिला पार्षद बनी सहसंयोजक, महापौर बोले;इस बार मेला और भव्य बनाने की तैयारी
सहारनपुर में मेला गुघाल के आयोजन को लेकर नगर निगम ने संयोजक और सहसंयोजकों के नामों की घोषणा कर दी है। महापौर डॉ. अजय कुमार ने वार्ड-41 के पार्षद संजय सैनी को मेला संयोजक बनाया है। वहीं अलग-अलग वर्गों से चार महिला पार्षदों को सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें वार्ड-46 की पार्षद ज्योति अग्रवाल, वार्ड-12 की पार्षद सीमा कात्यायनी, वार्ड-10 की पार्षद रेणु शर्मा और वार्ड-7 की पार्षद अल्पना शामिल हैं। ऐतिहासिक मेला गुघाल 2026 में 21 सितंबर से शुरू होगा और 15 अक्टूबर तक चलेगा। दरअसल, नगर निगम बोर्ड की बैठक में मेला गुघाल के संयोजक और सहसंयोजकों की नियुक्ति का अधिकार सदन ने सर्वसम्मति से महापौर डॉ. अजय कुमार को दिया था। इसी अधिकार के तहत महापौर ने शुक्रवार को संयोजक और सहसंयोजकों के नामों की घोषणा की। संयोजक के रूप में संजय सैनी के साथ चार महिला पार्षदों को सहसंयोजक बनाए जाने से आयोजन समिति में विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज अगड़ों-पिछड़ों सहित प्रत्येक वर्ग के पूज्य हैं। इसलिए मेला गुघाल केवल आस्था और श्रद्धा का आयोजन नहीं है, बल्कि यह सौहार्द और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेला संयोजक और सहसंयोजकों के मनोनयन में दलित, पिछड़े, ब्राह्मण और वैश्य समाज समेत विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर मेला आयोजन को सफल बनाना और समरसता का संदेश देना है। महापौर ने कहा कि इस बार मेला गुघाल को पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगर निगम की ओर से पूरी कार्ययोजना तैयार की गई है। मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर भी जोर रहेगा। उन्होंने महानगर के लोगों से मेला गुघाल के आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। महापौर ने कहा कि सभी वर्गों की भागीदारी से ही मेले को भव्य स्वरूप दिया जा सकता है और इसकी धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक सौहार्द की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।
Read full article on Bhaskar