top
सहरसा में 11वीं-12वीं के छात्रों को मुफ्त पढ़ाएंगे एक्सपर्ट शिक्षक:हर शनिवार स्टूडेंट मेंटरशिप प्रोग्राम; फिजिक्स-केमिस्ट्री-बायोलॉजी की क्लास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी
सहरसा में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ‘स्टूडेंट मेंटरशिप प्रोग्राम’ शुरू किया गया है। शनिवार को जिला स्कूल परिसर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग की पहल पर शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को हर शनिवार प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा निःशुल्क कक्षाएं दी जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता मजबूत करना और विषय से जुड़ी उनकी शंकाओं का समाधान करना है। पहले दिन फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की क्लास उद्घाटन के मौके पर अलग-अलग विषयों की विशेष कक्षाएं आयोजित की गईं। फिजिक्स वाला के विशेषज्ञ शिक्षक चंदन कुमार ने भौतिक विज्ञान में ‘लॉ ऑफ मोशन/न्यूटन लॉ’ पढ़ाया। वहीं, प्रगति क्लासेज के शिक्षक अंकेश कुमार ने रसायन विज्ञान में ‘सम बेसिक कॉन्सेप्ट्स ऑफ केमिस्ट्री’ और मेंटर्स के शिक्षक रौनक कुमार ने जीव विज्ञान में ‘सेल’ विषय पर विद्यार्थियों को जानकारी दी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद फिजिक्स वाला के शुभम आर्या ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेषज्ञ शिक्षक कार्यक्रम से जुड़े हैं। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देना और उनकी बुनियादी क्षमताओं को मजबूत करना है। विद्यार्थियों के सवालों और विषय से जुड़ी शंकाओं का निःशुल्क समाधान किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में जाकर भी पढ़ाएंगे शिक्षक प्रगति क्लासेज के निदेशक डॉ. चंदन कुमार ने कहा कि हर शनिवार उनके संस्थान के शिक्षक सरकारी विद्यालयों में जाकर 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को ज्ञान और मार्गदर्शन देंगे। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। कई अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रोहित रौशन, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी राजू कुमार और सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राजीव रंजन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar