crime
साइबर ठग लिटिल मोंगा और प्रतीक कालरा के घर छापेमारी:पंजाब और दिल्ली में मिली आलीशान कोठियां, सुल्तान मिर्जा की मिली लोकेशन
पंजाब के अबोहर-फाजिल्का से संचालित होने वाले साइबर ठगी गिरोह पर शिकंजा कसते हुए कानपुर पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। शुक्रवार को नौबस्ता पुलिस की टीमों ने लंबे समय से फरार चल रहे गिरोह के सरगना 25–25 हजार के इनामी लिटिल मोंगा और प्रतीक कालरा के पंजाब और दिल्ली वेस्ट स्थित घरों में छापेमारी की। गिरोह अब तक 650 से ज्यादा लोगों को ठग चुका है, जिनकी शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के 14 मामले हैं। साइबर ठगी का जाल पाकिस्तान व श्रीलंका तक फैला है। पुलिस ने 400 करोड़ से ज्यादा की ठगी की आशंका जताई है। यह था पूरा मामला नौबस्ता निवासी अमित राठौर ने शेयर में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी कर लेने का मुकदमा दो जनवरी 2026 को दर्ज कराया था। नौबस्ता थाना, क्राइम ब्रांच व स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) टीम सक्रिय हुई तो जांच में ठगी के तार अबोहर से जुड़े मिले। ठगों के मोबाइल नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ी और पुलिस फाजिल्का तक पहुंची। फाजिल्का का लिटिल मोंगा सरगना है, जो अपने साथी प्रतीक कालरा के साथ फरार है। एक अन्य सदस्य अजय को दिल्ली पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है। अजय एक मोची है, लेकिन उसके दिल्ली में न्यू कोंडली मयूर विहार फेज-3 स्थित नेशनल अर्बन कोआपरेटिव बैंक शाखा के खाते में 80 करोड़ का लेनदेन मिला था। इस खाते में जो पैसा आया, वह पांचवें लेयर का है। मोची के खाते में जमा 13.80 लाख रुपये फ्रीज करा दिए गए हैं। पुलिस को आरोपियों से कुछ और बैंक खातों की जानकारी, चेक व संदिग्ध स्क्रीनशाट मिली थी, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने बताया था कि यह गिरोह फर्जी ट्रेडिंग, आनलाइन प्रतिबंधित गेमिंग एप, डिजिस्टल अरेस्ट, वाट्सएप पर लिंक भेजकर रुपये ठगने समेत और भी कई तरीकों से ठगी करता है। इसके अलावा ड्रग तस्करी, हथियारों की अवैध तस्करी व हनीट्रैप जैसी घटनाओं में भी शामिल होने का अंदेशा है। ठगी की रकम से बना रखी है लग्जरी कोठियां कानपुर पुलिस दोनों आरोपियों के घरों पर पहुंची तो उनकी आलीशन कोठियां देखकर दंग रह गई। लग्जरी सुख सुविधाओं से लैस कोठियों को देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। सबसे पहले पुलिस टीम दिल्ली वेस्ट के रोहणी इलाके में रहने वाले प्रतीक कालरा के घर पहुंची, जहां प्रतीक की पत्नी, मां व दो बच्चे मिले। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से प्रतीक के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह ट्रेडिंग का काम करता है। पत्नी ने प्रतीक के बीते 3 महीने से घर न आने की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने परिजनों से उसकी लेटेस्ट फोटो और मोबाइल नंबर मांगा, जिस पर उन्होंने नंबर होने से इंकार कर दिया। प्रतीक की पत्नी बोली- तीन महीने से घर नहीं आए पति पुलिस अधिकारियों ने फोन पर रोजाना बातचीत के बारे में पूछा तो उसकी पत्नी ने बोली, कि प्रतीक अक्सर नए–नए नंबरों से फोन पर बात करता है। पुलिस ने प्रतीक की पत्नी का नंबर मांगा तो उन्होंने बोला कि बच्चों ने मोबाइल तोड़ दिया है, जिस कारण उनका कोई भी नंबर नहीं है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि कानपुर पुलिस ने उसपर 25 हजार का इनाम रखा हुआ है। साथ ही कोर्ट से गैर जमानतीय वारंट भी जारी है, पुलिसकर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही प्रतीक हाजिर नहीं हुआ तो उसके अब कुर्की की कार्रवाई होगी। इसके बाद पुलिस पंजाब के फाजिल्का में रहने वाले लिटिल मोंगा के घर पहुंची। जहां उसकी कोठी पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों से लैस मिली। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि लिटिल के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी हो चुका है, अगर वह हाजिर नहीं हुआ तो घर की कुर्की कराई जाएगी। जिसपर परिजनों ने दो दिन का समय मांगा। नागपुर और औरैया मिली सुल्तान मिर्जा की लोकेशन पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि लिटिल मोंगा और प्रतीक कालरा के साथ ही कानपुर में साइबर फ्रॉड का जाल बिछाए सुल्तान मिर्जा उर्फ अभय शुक्ला इंडिया में वापस आ चुका है। साइबर क्राइम की टीम को उसकी लोकेशन नागपुर और औरैया में मिली है, जहां पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सुल्तान मिर्जा 11 बार विदेश यात्रा कर चुका है, जिसमें से 5 बार वह लंदन और 6 बार दुबई गया है। जहां 15 दिन से एक माह तक का समय उसने गुजारा है। उन्होंने बताया कि सुल्तान 6 बार लखनऊ एयरपोर्ट, 5 बार दिल्ली और एक बार मुंबई एयरपोर्ट से विदेश यात्रा कर चुका है। सुल्तान पर भी 25 हजार का इनाम है। लिटिल मोंगा, सुल्तान मिर्जा और प्रतीक कालरा का लुक आउट सर्कुलर जारी हो चुका है।
Read full article on Bhaskar