politics
सीतापुर में तिरंगा लेकर निकलीं महिलाएं:पुलिस लाइन में डीएम ने दिखाई हरी झंडी, राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया
‘वंदे मातरम्’ के 150वें साल के स्मरणोत्सव और ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत मंगलवार शाम 5 बजे जिला प्रशासन की ओर से महिला बाइक रैली निकाली गई। पुलिस लाइन से निकली रैली को डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक पर सवार पुलिसकर्मी महिलाओं ने शहर में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। महिला बाइक रैली में महिला पुलिस कर्मियों के साथ विभिन्न प्रशासनिक विभागों की महिला अधिकारी-कर्मचारी और अन्य महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगे से सजी बाइक रैली के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। रैली के जरिए आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के दौरान महिलाओं ने ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। प्रशासन का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को राष्ट्र निर्माण, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जोड़ना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने यह संदेश भी दिया कि राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता के कार्यों में महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महिला बाइक रैली के जरिए महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया है। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। साथ ही राष्ट्रध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखें। जिला प्रशासन के अनुसार, ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव और ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
Read full article on Bhaskar