top
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नोएडा देश में 8वें स्थान पर:3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में हासिल की रैंकिंग, पिछले साल 9वें स्थान पर था नोएडा
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में नोएडा ने देशभर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 8वीं रैंक हासिल की है। 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा को यह स्थान मिला है। पिछले साल इसी श्रेणी में शहर 9वें स्थान पर था। इस बार एक पायदान सुधार हुआ है। नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक यह उपलब्धि प्राधिकरण और शहरवासियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। सर्वेक्षण में शहरों का मूल्यांकन वायु गुणवत्ता सुधार, सड़क की धूल पर नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्र के विकास और जनभागीदारी जैसे प्रमुख मानकों पर किया जाता है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण पर जोर शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सड़कों की मशीनों से सफाई, पानी का छिड़काव और प्रदूषण की निगरानी के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। अत्यधिक धूल वाले क्षेत्रों में एंटी-स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया जाता है। प्राधिकरण ने हरित पट्टियों के विस्तार और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए हैं। इसके साथ ही जागरूकता अभियान और नागरिकों की भागीदारी को भी वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया है। अगले साल टॉप रैंक पर नजर नोएडा प्राधिकरण का लक्ष्य अगले स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में शहर को पहली रैंक दिलाना है। इसके लिए वायु गुणवत्ता सुधार से जुड़े सभी मानकों का पालन और कार्रवाई को और प्रभावी करने की बात कही गई है। प्राधिकरण के अनुसार यह उपलब्धि नोएडा को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ विकास की दिशा में आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
Read full article on Bhaskar