top
संवेदनशील प्रशासन, बुलंद हौसला! गढ़वा में एंबुलेंस में बैठकर घायल अभ्यर्थी ने दी JTET परीक्षा
गढ़वा, 01 नवंबर। जिला प्रशासन की मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल JTET परीक्षा-2026 के दौरान देखने को मिली, जब दुर्घटना में घायल एक अभ्यर्थी को एंबुलेंस में ही परीक्षा देने का अवसर दिया गया। आर.के.वी.एस. संस्थान, रेहला रोड, सोनपुरवा, गढ़वा परीक्षा केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थी जावेद अंसारी 13 अक्टूबर 2026 को हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आने के कारण उनके लिए परीक्षा कक्ष में बैठकर परीक्षा देना संभव नहीं था। फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र पहुंचे। उन्होंने केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को लिखित आवेदन देकर उसी एंबुलेंस में परीक्षा देने की अनुमति मांगी। मामला उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए अनुमति प्रदान कर दी। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए एंबुलेंस में ही सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई। इस दौरान केंद्राधीक्षक और मजिस्ट्रेट पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। प्रशासन की इस पहल से घायल अभ्यर्थी का सपना नहीं टूटा। पूरे जिले में इस मानवीय फैसले की सराहना हो रही है। Blog Site Manager By Global Info Edge
Read full article on गढ़वा समाचार [garhwa Samachar] गढ़वा जिला का स्थानीय