politics
सवायजपुर में पीडीए महापंचायत, सरकार पर साधा निशाना:सपा नेताओं ने पिछड़ों-दलितों को एकजुट होने का किया आह्वान, उमड़ी भीड़
हरदोई जनपद के सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के रूपापुर चौराहे पर शुक्रवार को एक पीडीए महापंचायत हुई। इसमें हरदोई जिले के प्रभारी डॉ. नवल किशोर शाक्य मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह डबल इंजन सरकार पिछड़ों, दलितों और शोषितों को छल रही है। उन्होंने आगामी चुनावों में इस सरकार को हटाने के लिए पूरे पीडीए समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। यह महापंचायत शुक्रवार दोपहर 1 बजे से शुरू होकर 4 बजे तक चली। पूर्व सांसद उषा वर्मा ने जनसभा में कहा कि जो सरकार पहले ईंधन बचाने की सलाह देती थी, अब वह दीपक जलाकर जन्मदिन मनाने की बात करती है। जनता इस दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझ चुकी है और अब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। मतभेद भुलाकर सम्मान की लड़ाई लड़ने को कहा पूर्व जिलाध्यक्ष पम्मू यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी कोई भी हो, उनका एकमात्र लक्ष्य अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना और भाजपा को हराना है। उन्होंने कुशवाहा समाज और अन्य पीडीए वर्गों से आपसी मतभेद भुलाकर सम्मान की लड़ाई लड़ने को कहा। डॉ. अरुण मौर्या ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। प्रदीप कुशवाहा ने सभी को मिलकर संघर्ष करने का संकल्प दिलाया। पूर्व प्रमुख जगमोहन राजपूत ने पिछली गलतियों से सीख लेते हुए कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा देने वाली सरकार ने वास्तव में 'सबका विनाश' किया है। इस मौके पर रिजवान खां (चेयरमैन पाली), रहमत अली मोनू, नागेंद्र मिश्र, विजयबाबू बाजपेई, धर्मबीर यादव, विक्रम कुशवाहा, रजनीश पाल, प्रीति कुशवाहा, राजीव यादव सहित हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar