politics
शहर की जामा मस्जिद से निकला मुस्लिम समाज का जुलूस:मक्का-मदीना और अजमेर शरीफ की झांकियां देखने उमड़े लोग
शहर के पाला रोड स्थित जामा मस्जिद से बुधवार दोपहर मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में समाज के लोग शामिल हुए और पूरे रास्ते में अमन, शांति व भाईचारे का संदेश दिया। जुलूस में विभिन्न पंचों की ओर से आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। मक्का-मदीना और अजमेर शरीफ की प्रतिकृतियों वाली झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ जमा रही। जामा मस्जिद से हुई शुरुआत जुलूस पाला रोड जामा मस्जिद से रवाना होकर पिपली चौक, चंद्रपोल गेट, गांधी मूर्ति तिराहा, पुराना बस स्टैंड, कस्टम चौराहा, पृथ्वीगंज स्थित खोरखिमली मस्जिद, कालिका माता चौक, मकरानी वाड़ा मस्जिद और सूरजपोल होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। जुलूस में सदर शोयब खान के साथ बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के पुरुष, युवा और बच्चे अकीदत के साथ शामिल हुए। मिलादुन्नबी के मद्देनजर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। जुलूस के पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई। जुलूस के जामा मस्जिद पहुंचने पर अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। इसके बाद समाज के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। अब देखिए- तस्वीरें
Read full article on Bhaskar