politics
शिकायत कर रहे ग्रामीण से माइक छीनने की कोशिश:कैंप में आंगनबाड़ी भवन, स्कूल में शौचालय नहीं होने की बात कह रहे थे
आगर-मालवा के ग्राम कराडिया में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर लगा। इसमें ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने गांव की व्यवस्थाओं और अपनी समस्याओं को खुलकर रखा। अपर मुख्य सचिव संजय दुबे की मौजूदगी में हुए इस शिविर में कुल 177 आवेदन मिले। शिविर के दौरान बापचा निवासी पीरूलाल यादव ने गांव की समस्याएं बताना शुरू किया। उन्होंने बताया कि गांव में अब तक आंगनबाड़ी भवन नहीं बना है। स्कूल में शौचालय की सुविधा नहीं है, छत से पानी टपकता है और गंदगी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान महिला कर्मचारियों को निजी मकान में शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ा। पीरूलाल ने दावा किया कि शिविर से एक दिन पहले गुरुवार रात मांगलिक भवन के पास शौचालय बनाया गया। इसी दौरान कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव और अजाक थाना प्रभारी अक्षय सिंह बैस उनसे माइक लेने पहुंच गए। कुछ देर शिकायत रखने के बाद अन्य ग्रामीणों से भी माइक वापस लेने की कोशिशें होती रहीं। मंच पर मौजूद अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। टीआई ने आरोपों को बताया गलत कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव का कहना है कि वहां एक ही माइक मौजूद था, जो अधिकारी के शिकायतकर्ता का जवाब देने के लिए मांगा गया था, मैंने शिकायतकर्ता से माइक लेकर अधिकारी को दिया गया है न कि किसी शिकायतकर्ता से माइक छीना गया। गांव के प्रेम नारायण यादव ने बिजली कंपनी पर जबरन बिजली चोरी का पंचनामा बनाने, नोटिस देने और मनमाने बिल देने का आरोप लगाया। ग्राम आमला के हीरालाल यादव और अन्य ग्रामीणों ने सौर ऊर्जा कंपनी पर खेतों में जाने का रास्ता बंद करने की शिकायत की। इस पर विधायक माधव सिंह गहलोत और एसडीएम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर समस्या सुलझाने का भरोसा दिया। शिविर में 6 लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र दिए गए। इसके अलावा 12 हितग्राहियों को श्रम कार्ड और 6 महिलाओं की विधवा पेंशन शुरू की गई। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
Read full article on Bhaskar