crime
शामली में बारिश से 100 फीट लंबी दीवार गिरी:भारी बारिश से स्कूल परिसर में हादसा, छुट्टी होने से टला बड़ा हादसा
शामली के जलालाबाद में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के दौरान मोहल्ला मोहम्मदीगंज स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में करीब 100 फीट लंबी पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार बीआरसी कार्यालय के पास मुख्य गेट से अंदर जाने वाले रास्ते के किनारे बनी थी। घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जब तेज बारिश के कारण विद्यालय परिसर और आसपास की जमीन में पानी भर गया था। दीवार गिरने से उसका मलबा रास्ते में फैल गया और आवागमन प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि कांवड़ यात्रा के चलते विद्यालय में अवकाश था, इसलिए घटना के समय परिसर में कोई छात्र, शिक्षक या कर्मचारी मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भूप सिंह ने मौके का निरीक्षण कर बताया कि सामान्य दिनों में इस रास्ते से बच्चों और शिक्षकों की आवाजाही रहती है, ऐसे में दीवार के पास किसी के मौजूद होने पर गंभीर हादसा हो सकता था। प्रधानाचार्य के मुताबिक, बारिश के दौरान यह दीवार पहले भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है। करीब दो वर्ष पहले इसका एक हिस्सा गिरा था और पिछले साल भी दीवार का कुछ हिस्सा धराशायी हुआ था, जिसके बाद दोबारा निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद अब फिर दीवार गिरने से निर्माण की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल उठने लगे हैं। विद्यालय परिसर में ही खंड शिक्षा कार्यालय थानाभवन (बीआरसी) संचालित होने के कारण यहां प्रतिदिन शिक्षक, कर्मचारी और शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों का आवागमन रहता है। खंड शिक्षा अधिकारी राहुल धामा ने बताया कि दीवार की एक तरफ कच्ची मिट्टी होने के कारण बारिश के दौरान पानी का दबाव बढ़ जाता है, जिससे वह बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। अब यहां पिलरयुक्त मजबूत और सुरक्षित दीवार का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, कस्बे के इंदिरा गेट के पास भी तेज बारिश के दौरान एक पुरानी दीवार गिर गई। यह दीवार मनमोहन भरतरी के प्लॉट की थी। यहां भी गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। लगातार बारिश के बीच जर्जर दीवारों के गिरने की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने प्रशासन से कस्बे में पुरानी और जर्जर दीवारों व भवनों का सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा उपाय कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar