top
शामली में गन्ना किसानों का धरना जारी:डीसीओ ने एक दिन का समय मांगा, किसानों ने कहा- लिखित जवाब मिलने तक नहीं हटेंगे
शामली में गन्ना सोसायटी में किसानों की कई मांगों को लेकर किसान एकता संघर्ष समिति का धरना छठे दिन भी जारी रहा। यह धरना संयोजक परमवीर शास्त्री के नेतृत्व में चल रहा है। किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) से अपने रिकॉर्ड की जानकारी लिखित में देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि या तो उन्हें पूरा रिकॉर्ड दिया जाए या फिर लिखित में बताया जाए कि विभाग रिकॉर्ड क्यों नहीं दे सकता। किसानों के अनुसार, डीसीओ ने बताया है कि शासन या विभाग से अभी तक इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने शामली डीएम को भी लगातार मामले की जानकारी देने और किसानों के बीच आने का आग्रह करने की बात कही। इस पर किसानों ने डीसीओ से जुबानी भरोसे की जगह लिखित जवाब देने की मांग की। किसानों ने शामली शुगर मिल की कटी हुई दो आरसी की रिकवरी न होने का मुद्दा भी उठाया। किसानों ने सवाल किया कि जब आरसी कट चुकी हैं, तो उनकी रिकवरी अब तक क्यों नहीं हुई। किसानों का कहना है कि 30 साल के ब्याज को लेकर चल रहे मुकदमे को करीब 20 साल हो चुके हैं। जिस मामले में मुकदमा चलता है, उसका पूरा रिकॉर्ड होता है। ऐसे में किसानों को रिकॉर्ड देने में विभाग को दिक्कत क्यों आ रही है। किसानों के सवालों पर डीसीओ ने एक दिन का समय मांगा है। किसानों ने साफ किया कि वे लिखित जवाब मिलने तक अपना धरना जारी रखेंगे। धरने में परमवीर शास्त्री, कर्मवीर देशवाल, सुक्रमपाल देशवाल, विनोद प्रमुख, हरेंद्र ठाकुर, मुकेश पुंडीर, यामीन अहमद, शोरम सिंह, धीरजपाल सिंह, बाबूराम, लाल सिंह, इलमचंद समेत अन्य किसान शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar