lifestyle
शामली में निकली श्रीकृष्ण छठी पालकी यात्रा:गौ सम्मान और संरक्षण का दिया संदेश, भैरवनाथ मंदिर में पूजा के बाद हुआ भंडारा
शामली में राष्ट्रीय श्री गोरक्षनाथ सेवा दल और श्री प्राचीन कुटी मंदिर परिवार की ओर से बुधवार को श्रीकृष्ण छठी पालकी यात्रा और गौ सम्मान आह्वान अभियान आयोजित किया गया। यात्रा के माध्यम से लोगों को गौ सम्मान और गौ संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। पालकी यात्रा दोपहर करीब 12 बजे गांधी चौक स्थित श्री प्राचीन कुटी मंदिर से शुरू हुई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मदर रोड स्थित भैरवनाथ मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा वापस श्री प्राचीन कुटी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने लोगों से गौ सम्मान और गौ संरक्षण के लिए जागरूक रहने की अपील की। देखें, 3 तस्वीरें... कार्यक्रम में गन्ना समिति शामली के चेयरमैन विक्रांत निर्वाल मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में अंतरराष्ट्रीय नेपाल गौरक्षा दल के डॉ. भोलानाथ योगी, धर्मेंद्र सिंह जनसेवक, राष्ट्रीय श्री गोरक्षनाथ सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष भानु चौधरी समेत संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, यह श्रीकृष्ण छठी पालकी यात्रा का 15वां आयोजन था। यात्रा में श्रद्धालु धार्मिक जयकारों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में महंत पीर योगी शेरनाथ बापू महाराज, महंत योगी खुशीनाथ महाराज, महंत योगी दीदारनाथ महाराज और योगी सुरेशनाथ महाराज समेत संत-महात्मा मौजूद रहे। आयोजन में सहयोग के लिए श्री प्राचीन कुटी मंदिर परिवार का आभार जताया गया।
Read full article on Bhaskar