crime
शराब के ज्यादा रुपए मांगने पर युवक पर हमला:ठेका सेल्समैन, होटल संचालक के बेटों समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़ के भिरानी थाना क्षेत्र के छानीबड़ी गांव में शराब के ज्यादा पैसे मांगने का विरोध करने पर एक युवक पर हमला हुआ। आरोप है कि शराब ठेके के सेल्समैन, होटल संचालक के बेटों और कुछ अन्य लोगों ने युवक, उसके भाई और भतीजे के साथ मारपीट की। इस हमले में युवक के हाथ में फ्रैक्चर समेत कई चोटें आई हैं। भिरानी थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में छानीबड़ी निवासी संदीप कुमार (36) पुत्र प्रीतम दास सांसी ने बताया। 12 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे वह अपने भाई कुलदीप सिंह और भतीजे राहुल के साथ बेर बस स्टैंड के पास स्थित दो भाई होटल पर खाना खाने गए थे। पास में ही अंग्रेजी शराब का ठेका देर रात तक खुला था। तीनों वहां एक बीयर लेने पहुंचे, तो सेल्समैन ने तय दाम से ज्यादा पैसे मांगे। संदीप के मुताबिक तय समय के बाद ठेका खुला रखने और प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे मांगने का विरोध करने पर सेल्समैन ने गाली-गलौज शुरू कर दी। ठेके के अंदर बैठे तीन-चार अन्य लोग भी बाहर आ गए और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। शोर सुनकर होटल संचालक सीताराम, उनके बेटे बंटी व सोनू और 8-10 अन्य लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने संदीप को नीचे गिराकर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटा। बीच-बचाव करने आए भाई कुलदीप और भतीजे राहुल के साथ भी मारपीट की गई। संदीप ने बताया कि बंटी ने उसके हाथ पर लाठी से वार किया, जबकि सेल्समैन ने उसका हाथ मरोड़ दिया। इससे उसके हाथ और कोहनी में गंभीर चोट आई। घटना के बाद संदीप ने पुलिस को सूचना दी और छानीबड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुरुआती इलाज कराया। गंभीर चोटों के कारण उसे भादरा रेफर किया गया। एक्स-रे में हाथ में फ्रैक्चर मिलने पर उसे जिला अस्पताल हनुमानगढ़ भेजा गया। इलाज के बाद 13 सितंबर को उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट और चोटों के आधार पर भारतीय दंड संहिता (BNS) और SC-ST एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच भादरा के पुलिस उप अधीक्षक कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। परिवादी ने शराब ठेके की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर कब्जे में लेने की मांग भी की है। भिरानी में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हनुमानगढ़ के भिरानी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बालसमंद, हिसार (हरियाणा) निवासी मुकेश कुमार (30) ने भिरानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उसके ताऊ नवीन कुमार (60) पुत्र लोकराम महाजन 11 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे बाइक से अमरपुरा टोल प्लाजा के पास स्थित ब्लॉक फैक्टरी जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे रासलाना नहर से लगभग एक किलोमीटर पहले पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल नवीन कुमार को भादरा अस्पताल पहुंचाया। नवीन कुमार की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हिसार के सर्वोदय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान 12 सितंबर की रात उनकी मौत हो गई। मुकेश कुमार की रिपोर्ट पर भिरानी थाना पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल करणी सिंह को सौंपी गई है।
Read full article on Bhaskar