politics
शास्त्री ब्रिज की दोनों लेन पर आवागमन शुरू:श्रावण मास के अंतिम चरण में कांवड़ियों की संख्या घटने पर बदली व्यवस्था
प्रयागराज में श्रावण मास के अंतिम चरण और कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की संख्या में कमी को देखते हुए प्रयागराज-वाराणसी मार्ग स्थित शास्त्री ब्रिज की दोनों लेन को अब सामान्य यातायात के लिए खोल दिया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए ब्रिज की उत्तरी लेन को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित किया गया था। अब यातायात सामान्य होने के बाद इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रक-भारी कॉमर्शियल वाहन शामिल नहीं यातायात पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज की ओर से बताया गया कि प्रयागराज से वाराणसी जाने वाले यात्री वाहन अब पूर्व की तरह शास्त्री ब्रिज की उत्तरी लेन का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि ट्रकों और भारी कॉमर्शियल वाहनों को इस व्यवस्था में शामिल नहीं किया गया है। वहीं वाराणसी से प्रयागराज आने वाले यात्री वाहन और निर्धारित श्रेणी के वाहन पूर्व की तरह दक्षिणी लेन से आवागमन करेंगे। वाराणसी की ओर जाने वालों को राहत यातायात पुलिस के मुताबिक प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों लेन पूर्व की तरह आम लोगों के आवागमन के लिए उपलब्ध रहेंगी। इससे वाराणसी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। सोहबतियाबाग में नाला सफाई से बढ़ा ट्रैफिक दबाव दूसरी ओर शहर के सोहबतियाबाग इलाके में नगर निगम की ओर से नाला सफाई और खुदाई का काम चलने के कारण यातायात पर असर पड़ रहा है। संगम पेट्रोल पंप के पास चल रहे काम के चलते इस क्षेत्र में अप्रत्याशित यातायात दबाव की स्थिति बन रही है। इसका असर बालसन चौराहे से संगम पेट्रोल पंप होते हुए जीटी जवाहर चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर दिखाई दे रहा है। यातायात पुलिस के अनुसार इस रूट पर यात्रियों के ट्रैवल टाइम में आंशिक वृद्धि हो रही है। यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील यातायात पुलिस ने इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के अनुमानित समय में थोड़ा अतिरिक्त मार्जिन जोड़कर घर से निकलें। नाला सफाई का काम पूरा होने तक इस मार्ग पर यातायात दबाव के कारण सामान्य से अधिक समय लग सकता है।
Read full article on Bhaskar