business
शास्त्रीनगर प्रकरण को लेकर बाजारों में पहुंचे व्यापारी नेता:2 सितंबर के मेरठ बंद के लिए मांगा समर्थन
शास्त्रीनगर में आवास विकास के प्रकरण को लेकर व्यापारियों, स्थानीय निवासियों, स्कूल संचालकों और विभिन्न वर्गों की ओर से आंदोलन की तैयारी तेज कर दी गई है। आगामी 2 सितंबर से प्रस्तावित बड़े आंदोलन को लेकर रविवार को शास्त्रीनगर के व्यापारी नेता और स्थानीय प्रतिनिधि शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से आंदोलन में शामिल होने और मेरठ बंद को सफल बनाने के लिए समर्थन मांगा। बीते दिन शास्त्रीनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में पहले ही 2 सितंबर से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया गया था। प्रेस वार्ता में अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर के साथ कंवलजीत सिंह, सुदीप जैन, विजय राघव समेत अन्य लोग मौजूद रहे थे। उन्होंने आवास विकास से जुड़े प्रकरण को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों के हित में आंदोलन की बात कही थी। इसी क्रम में रविवार को प्रतिनिधिमंडल ने सराफा बाजार, आबूलेन, हापुड़ रोड समेत शहर के अलग-अलग प्रमुख बाजारों का दौरा किया। यहां व्यापारियों से मुलाकात कर उन्हें आंदोलन की जानकारी दी गई और 2 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद में सहयोग करने की अपील की गई। आंदोलनकारियों के अनुसार, बाजारों में व्यापारियों ने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए मेरठ बंद में शामिल होने की घोषणा की है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि शास्त्रीनगर के प्रकरण को लेकर सभी वर्गों को साथ लेकर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य बाजारों और व्यापारिक संगठनों से भी संपर्क कर समर्थन जुटाया जाएगा।
Read full article on Bhaskar