crime
शिवपुरी में आवारा कुत्तों का हमला, 10 लोग जख्मी:बैराड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज इंजेक्शन नहीं मिले, जिला अस्पताल भेजा
शिवपुरी के बैराड़ नगर में सोमवार को आवारा कुत्तों ने 8 से 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्तों ने तहसील कार्यालय के सामने, स्कूल जाते समय और सड़क से गुजर रहे लोगों को निशाना बनाया। एक युवक को चलती बाइक पर ही कुत्ते ने काट लिया। अचानक कई लोगों के घायल होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैराड़ में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ लग गई। इलाज के दौरान अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। गंभीर रूप से घायल दो मरीजों को आगे के इलाज के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल भेजा गया। दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा घायलों में बैराड़ निवासी पवन ओझा (20) और कलामढ़ निवासी प्रयास प्रजापति (12) की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया। इसके अलावा नेहरगड़ा निवासी गजेंद्र यादव (26), 11 वर्षीय आदित्य शिवहरे और बलराम (40) सहित अन्य लोगों का भी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया। परिजनों ने दवाओं की कमी का आरोप लगाया घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जरूरी दवाएं और एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं थे। इसके चलते कई परिजनों को अपने खर्च पर मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन खरीदना पड़ा। परिजनों ने अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए। बीएमओ बोले- केंद्र पर इंजेक्शन उपलब्ध नहीं थे बीएमओ डॉ. द्वारिका वर्मा ने फोन पर बताया कि कुत्तों के काटने से कई लोग घायल हुए हैं। उस समय बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने बताया कि वे स्थिति का निरीक्षण करने जा रहे हैं। जिले में कम है इंजेक्शन की आपूर्ति सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषेश्वर ने बताया कि वर्तमान में जिलेभर में एंटी रेबीज इंजेक्शन की आपूर्ति कम है। कई महीने पहले ही वेंडर को इंजेक्शन की मांग भेजी गई थी, लेकिन अभी तक आपूर्ति नहीं हो पाई है। कुत्तों के हमले की जानकारी मिलने के बाद जिला अस्पताल से कुछ इंजेक्शन बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए हैं। सीएमएचओ ने बताया कि जिन मरीजों के अटेंडर बाहर से एंटी रेबीज इंजेक्शन खरीदकर लाए हैं, उन्हें रोगी कल्याण समिति के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar