crime
शिवपुरी में खेल के दौरान भिड़े युवकों के दो गुट:लात-घूंसे और बेल्ट से पीटा, मारपीट का वीडियो वायरल; पुलिस युवकों की पहचान में जुटी
शिवपुरी के गांधी पार्क मैदान में रविवार को खेल के दौरान युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला किया। इस दौरान एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मैदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गांधी पार्क मैदान में कुछ युवक खेल रहे थे। इसी दौरान दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के साथी भी इसमें शामिल हो गए और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं। कुछ युवक बेल्ट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक युवक को कुछ लोग दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा पर सवाल मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद गांधी पार्क मैदान में खेलने आने वाले युवाओं और अपने बच्चों को भेजने वाले अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मैदान में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस कर रही युवकों की पहचान रविवार देर शाम तक मारपीट के मामले में किसी भी पक्ष ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। कोतवाली पुलिस के अनुसार, मारपीट का वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। पुलिस वीडियो की जांच कर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है।
Read full article on Bhaskar