top
संतकबीरनगर में पानी की टंकी का छज्जा गिरा:एक की मौत, दूसरा गंभीर; ग्रामीण बोले- घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ
संतकबीरनगर में बुधवार को 40 फीट ऊंची निर्माणाधीन पानी की टंकी का छज्जा और शटरिंग टूटकर नीचे गिर गई थी। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक मजदूर को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार देर शाम उसकी मौत हो गई थी। हादसे के बाद गुरुवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है छज्जे में मानक के अनुसार मजबूत सरिया और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया था। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। मामला महुली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भैंसही उर्फ भैंसवारियाका है। ढलाई के दौरान अचानक टूट गया छज्जा गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को करीब 40 फीट ऊंची टंकी की सीढ़ी के छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक छज्जे और शटरिंग का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इसके नीचे काम कर रहे कुशीनगर के सोहंग महुआ खुर्द निवासी लड्डन अली पुत्र हनीफ और अहिरौली निवासी शोभराज गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में एक मजदूर ने दम तोड़ा हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल संतकबीरनगर जिला अस्पताल ले जाया गया। शोभराज के सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान बुधवार देर शाम उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि छज्जे में मानक के अनुसार मजबूत सरिया और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस को शिकायत का इंतजार घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे अन्य मजदूर भी वहां से चले गए। महुली थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जल निगम के अधिकारी से मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीण चुन्नेलाल और विनोद पांडेय ने बताया कि छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे थे। वहां दोनों मजदूर घायल हालत में मिले, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। इनमें से एक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
Read full article on Bhaskar