crime
सरकारी स्कूल की बदहाली का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी, अधिवक्ता समेत दो पर FIR
सरकारी स्कूल की बदहाली का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी, अधिवक्ता समेत दो पर FIR मेरठ। सरूरपुर ब्लॉक के कालंद गांव स्थित सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। शिक्षा विभाग की तहरीर पर पुलिस ने अधिवक्ता समेत दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने एक युवक को थाने बुलाकर पूछताछ भी की। बताया गया कि 15 अगस्त को बनाए गए करीब एक मिनट 20 सेकेंड के वीडियो में विद्यालय के पेयजल स्थल, शौचालय, कक्षाओं और परिसर के पिछले हिस्से की स्थिति दिखाई गई थी। वीडियो में कक्षाओं में गंदगी और जाले होने तथा स्कूल के पीछे झाड़ियों में सांप होने की बात भी कही गई। पुलिस के अनुसार कालंद गांव का यह उच्च प्राथमिक विद्यालय करीब 30 वर्ष पुराना है और इसमें लगभग 104 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों में से एक की पहचान सरधना निवासी अधिवक्ता संयम पांचाल के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की। संयम पांचाल ने बताया कि उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर वीडियो बनाया था। उनका उद्देश्य विद्यालय की व्यवस्थाओं को सामने लाकर बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं दिलाना था। उन्होंने किसी निजी हित से वीडियो बनाने से इनकार किया। पिता के फेसबुक अकाउंट से किया गया अपलोड संयम ने बताया कि वीडियो उनके पिता जितेंद्र पांचाल के फेसबुक अकाउंट से अपलोड किया गया था। इसके बाद अन्य लोगों ने इसे शेयर किया, जिसके चलते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शिक्षा विभाग की तहरीर पर कार्रवाई सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग की तहरीर के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Newsprahari