politics
टीकमगढ़ में आवंटित जगह से अलग चल रहीं शराब दुकानें:वार्डवासियों ने स्थान बदलने की मांग उठाई, आबकारी विभाग की टीम जांच करेगी
टीकमगढ़ में शराब दुकानों के संचालन को लेकर नियमों की अनदेखी का आरोप लगा है। शनिवार को बस स्टैंड क्षेत्र के लोगों ने आबकारी विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इससे पहले वार्ड नंबर 27 की पार्षद रेखा ध्रुव यादव ने भी अधिकारियों से शिकायत की थी। विभाग ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। जिला आबकारी अधिकारी एनपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर आवंटित जगह से अलग दुकान चल रही है, तो कार्रवाई होगी। नए बस स्टैंड और डुमरऊ क्षेत्र में चल रही शराब दुकानों को लेकर स्थानीय पार्षदों और रहवासियों ने पहले भी ज्ञापन और शिकायतें दी थीं। उन्होंने प्रशासन के सामने अपनी परेशानी रखी थी, लेकिन समस्या हल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नए बस स्टैंड के सामने चल रही शराब दुकान पुरानी टेहरी के नाम से स्वीकृत है। जबकि यह दुकान शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में चल रही है। वहीं, डुमरऊ में चल रही दुकान अनंतपुरा ग्रामीण क्षेत्र के नाम से स्वीकृत है, लेकिन उसे शहरी सीमा में चलाया जा रहा है। इन आरोपों की प्रशासनिक जांच जरूरी है। चार किमी दायरे में पांच दुकानें रहवासियों के अनुसार, शहर के करीब चार किलोमीटर के दायरे में पांच शराब दुकानें चल रही हैं। खासकर रिहायशी और सार्वजनिक जगहों के पास दुकानों से महिलाओं, बच्चों, यात्रियों और राहगीरों को दिक्कत होती है। शराब दुकान के आसपास खुले मैदान में दिनभर शराबी जमा रहते हैं और खुले में शराब पीते हैं। इससे बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों, महिलाओं और आम राहगीरों को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि आबकारी विभाग और प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर साफ करें कि संबंधित शराब दुकानों को किस जगह के लिए मंजूरी मिली है। साथ ही, यह भी देखें कि उनका संचालन नियमों के हिसाब से हो रहा है या नहीं। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है।
Read full article on Bhaskar