crime
टीकमगढ़ में मकान से 200 बोरी यूरिया जब्त:मालिक की पत्नी बोली- हमने तो किराए पर दिया, सामान किसी दूसरे ने रखा
टीकमगढ़ के दुर्गापुर गांव में मंगलवार को प्रशासन की टीम ने अवैध खाद भंडारण की सूचना पर रामपत लोधी के मकान की तलाशी ली। टीम ने करीब 200 बोरी यूरिया जब्त किया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देश पर कृषि उपसंचालक मनोज कश्यप, नायब तहसीलदार विष्णु कुमार सोनी, कृषि विस्तार अधिकारी आशीष गुप्ता और कैलाश प्रसाद अहिरवार गांव पहुंचे। रामपत लोधी की पत्नी ने टीम को बताया कि उन्होंने मकान मबई निवासी अभिषेक जैन को किराए पर दिया था। उनके मुताबिक, खाद का स्टॉक अभिषेक जैन ने रखा था। मकान का ताला खोलकर जांच की गई तो अंदर यूरिया की बोरियां मिलीं। पूछताछ में अभिषेक जैन ने बताया कि उसके पास खाद बेचने का लाइसेंस नहीं है और उसने किसानों के लिए यूपी से खाद मंगाया था। कृषि उपसंचालक मनोज कश्यप ने बताया कि जांच में कृषक और चम्बल खाद की बोरियां भी मिलीं। यह खाद मध्यप्रदेश में नहीं बेचा जाता। टीम ने खाद जब्त कर कमरे को सील कर दिया। खाद को बाहर से आई पिकअप के जरिए भंडार में रखा गया था। जब्ती और सुपुर्दगी की कार्रवाई के बाद पूरी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Read full article on Bhaskar