crime
ट्रक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया:हेल्पर की मौत, नोहर-रावतसर सड़क पर हादसा; विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन
हनुमानगढ़ जिले में नोहर-रावतसर सड़क पर गुरुवार को एक ट्रक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया। इस हादसे में ट्रक के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सुरक्षित है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बिजली तारें ढीली होने के कारण टोपरिया बस स्टैंड के पास दोपहर सवा दो बजे ट्रक उनसे टकरा गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने घायल हेल्पर इरफान को तुरंत रावतसर अस्पताल पहुंचाया। रावतसर अस्पताल में डॉक्टरों ने इरफान को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थालडका चौकी प्रभारी मांगेराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि ढीली तारों के कारण यह हादसा हुआ है, जिसके लिए विभाग जिम्मेदार है। प्रदर्शन के बाद विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तारों को ठीक करवाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
Read full article on Bhaskar