top
ठेला हटाने के विवाद में युवक पर चाकू से हमला:देवरिया के गांधी चौक पर दिनदहाड़े हुई घटना, आरोपी फरार
देवरिया के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में ठेला हटाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। यह घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गांधी चौक पर हुई। पुलिस पिकेट से कुछ ही दूरी पर हुए इस हमले में युवक के सिर में चोट आई है। हमला करने वाला ठेला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हरैया वार्ड संख्या आठ के रहने वाले राकेश मिश्रा शनिवार दोपहर करीब एक बजे गांधी चौक पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक पुलिस पिकेट के पास खड़ी की थी। वह फुटपाथ पर सामान बेच रहे एक व्यक्ति से बात कर रहे थे। तभी कीवी से भरा एक ठेला लेकर चालक वहां आया और राकेश से बाइक हटाने को कहा। आरोपी ठेला छोड़कर मौके से भागा इसी बात पर राकेश और ठेला चालक के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठेला चालक ने चाकू से राकेश के सिर पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद चौक पर भगदड़ मच गई। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी ठेला छोड़कर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी गई है। सलेमपुर कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। घटना के कारणों और आरोपी की पहचान की जांच चल रही है।
Read full article on Bhaskar