politics
दमोह में नए जिला न्यायालय भवन का लोकार्पण:जस्टिस विशाल धगट ने की अधिवक्ताओं से पेपरलेस कामकाज की अपील
दमोह में रविवार शाम मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस विशाल धगट ने नए जिला न्यायालय भवन का लोकार्पण किया। भवन में 14 कोर्ट रूम और आधुनिक आईटी सुविधाएं हैं। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और एसपी आनंद कलादगी सहित न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने जस्टिस धगट का स्वागत किया। इसके बाद पूजन-अर्चन कर फीता काटा गया। तकनीक पर ज्यादा फोकस करें जस्टिस धगट ने कहा कि नए भवन में बड़े कोर्ट रूम और आधुनिक आईटी सुविधाएं दी गई हैं। उनका प्रयास है कि जिला न्यायालय में भी हाईकोर्ट की तरह कामकाज पूरी तरह पेपरलेस हो। उन्होंने अधिवक्ताओं से फाइलों और कागजों के बजाय तकनीक का अधिकतम इस्तेमाल कर प्रभावी पैरवी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुविधाएं देना पहला चरण है। उनका बेहतर इस्तेमाल करना न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने करीब 146 साल पुरानी न्यायालयीन इमारत को ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए उसे संरक्षित और विकसित करने की बात कही। नए भवन से परिसर में भीड़ कम होगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मुकेश पांडे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और अधिकारी मौजूद थे। 2018 से शुरू हुआ था निर्माण 14 कोर्ट रूम वाली इस इमारत का निर्माण 2018 में शुरू हुआ था। इसे 22 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। नई इमारत शुरू होने के बाद अदालतों को करीब 146 साल पुरानी न्यायालयीन इमारत से यहां शिफ्ट किया जाएगा। दमोह में बनी इस इमारत को ए, बी और सी तीन ब्लॉक में बांटा गया है। इसमें 14 न्यायिक अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था है। भवन में सीसीटीवी कैमरे और वर्चुअल सुनवाई की सुविधा भी है।
Read full article on Bhaskar