crime
दोस्तों के साथ नहाने गए 2दोस्त नाले में डूबे, मौत:शिवपुरी में जब तक लोग पहुंचे मासूमों ने तोड़ा दम
शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में बुधवार दोपहर एक हादसा हो गया। जेल कॉलोनी के पास बारिश के दिनों में बहने वाले नाले में नहाने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में दोनों की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में दुख का माहौल है, वहीं पूरे क्षेत्र में उदासी छा गई है। जेल कॉलोनी में रहने वाले कुछ बच्चे बुधवार दोपहर 4 बजे कॉलोनी के पास स्थित नाले में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान 6 साल का असरद खान पुत्र इजराइल खान और 7 साल का डब्बू खान पुत्र सलमान खान भी अन्य बच्चों के साथ नाले में नहा रहे थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देखकर साथ नहा रहे अन्य बच्चों ने तुरंत कॉलोनी में जाकर लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बच्चों द्वारा बताए गए स्थान पर तलाश करने के बाद लोगों ने दोनों बच्चों को नाले से बाहर निकाला और तुरंत कोलारस स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो बच्चों की एक साथ मौत से उनके परिवारों में गहरा दुख है।
Read full article on Bhaskar