crime
धमतरी में जर्जर सड़क से छात्र परेशान:निगम दफ्तर पहुंचकर महापौर से की मरम्मत की मांग, 2 महीने में बनाने का मिला आश्वासन
छत्तीसगढ़ के धमतरी में जर्जर सड़क से परेशान छात्रों ने नगर निगम पहुंचकर अपनी समस्या बताई। उन्होंने स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानियों का जिक्र करते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की। महापौर ने छात्रों की समस्या सुनने के बाद अधिकारियों को सड़क सुधारने के निर्देश दिए। दरअसल, धमतरी शहर के हटकेशर वार्ड में लगभग एक साल पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई, जिससे यह काफी जर्जर स्थिति में है। इस कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बस या ऑटो रिक्शा पलटने का डर छात्रों का कहना है कि जर्जर सड़क से उन्हें और अन्य लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने में परेशानी होती है और बस या ऑटो रिक्शा पलटने का डर बना रहता है। सड़क खराब होने के कारण बारिश में पानी भी भर जाता है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। स्थानीय निवासी कोमल संभाकर ने बच्चों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए, वरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। दो महीने में सड़क बनाने का आश्वासन महापौर रामू रोहरा ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य पुराने कार्यकाल का था और उस टेंडर में सड़क की मरम्मत शामिल नहीं थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह उनकी जिम्मेदारी है। इसे निभाया जाएगा। महापौर ने अधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर कार्य को जल्द स्वीकृत कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लगभग दो महीने के भीतर सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी।
Read full article on Bhaskar