crime
उज्जैन में चोरी के आरोपी का निकाला जुलूस:सड़क पर चलते हुए मारे डंडे, चुराई हुई स्कूटी भी की बरामद
उज्जैन थाना माधवनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कार्रवाई का खुलासा किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को क्षेत्र में पैदल जुलूस के रूप में लेकर निकली। इस दौरान पुलिस द्वारा आरोपी की पिटाई भी की गई। पुलिस के अनुसार, फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP13DR0704 पार्श्वनाथ टावर, फ्रीगंज की पार्किंग में लॉक करके खड़ी थी। वापस आने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। इसके बाद माधवनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे, मक्सी रोड पर चोरी की स्कूटी लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्की उर्फ बलराम पिता संजय (30) निवासी गणेशपुरा, उज्जैन बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की बिना नंबर की होंडा एक्टिवा बरामद की। इंजन और चेसिस नंबर की जांच में स्कूटी चोरी की होना सामने आया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने पार्श्वनाथ टावर की पार्किंग से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2014 से 2020 के बीच माधवनगर थाने में 15 अपराध दर्ज हैं। इनमें चोरी-लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
Read full article on Bhaskar