politics
विकसित भारत-जन सेवा अभियान की तैयारियों पर चर्चा:17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, कई कार्यक्रम होंगे
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने अलग-अलग विभागों के कामों और रुके हुए मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही संपर्क पोर्टल पर दर्ज मामलों को समय पर और अच्छी क्वालिटी के साथ निपटाने को कहा। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' की पहले से तैयारी करने के निर्देश भी दिए। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मकसद 'विकसित भारत' के लक्ष्यों में लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। साथ ही जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और अच्छे शासन की भावना को मजबूत करना है। अभियान के पहले चरण में 17 सितंबर को शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम होगा। इसी दिन रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। 'मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा' गतिविधि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' के तहत प्रेरणा देने वाले सेवा कामों और समाजसेवा से जुड़ी कहानियों को इकट्ठा कर लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के अगले चरण में 25 से 27 सितंबर तक 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम होगा। इसमें स्थानीय आंगनवाड़ी और बाल कल्याण केंद्रों से संपर्क कर सेवा के काम किए जाएंगे। 'सेवा की कहानी' के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रेरणादायक समाजसेवा की कहानियों को इकट्ठा कर लोगों तक पहुंचाया जाएगा। 7 अक्टूबर को 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकाली जाएगी। इसके जरिए लोगों में जागरूकता, सांस्कृतिक प्रेरणा और सद्भावना का संदेश दिया जाएगा। गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को 'सेवा मेरा योगदान' के तहत बड़ा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जन समस्याओं के समाधान को लेकर लगेंगे शिविर ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर 19 से 25 सितंबर तथा शहरी क्षेत्र में 8 से 16 अक्टूबर तक जनसमस्याओं के निराकरण एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित विशेष शिविर आयोजित होंगे। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 24 सितंबर एवं शहरी क्षेत्र में 11 अक्टूबर को सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों तथा कला प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजित की जाएगी। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 1 से 15 अक्टूबर तक सामाजिक नवाचार एवं युवा समाधान को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित होगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से नागरिकों एवं प्रशासन के मध्य सुशासन विषय पर प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया जाएगा। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सभी गतिविधियों के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सफल आयोजन के निर्देश दिए, ताकि जन सेवा का संकल्प जन-जन तक पहुंच सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रियंका तलानिया, एसीईओ गौतम चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
Read full article on Bhaskar