crime
वाराणसी में बाइक चोर का 'काफी विथ लुंगीडांस ':शोरूम का दरवाजा काटकर चुराई थी 4.71 लाख की बाइक, वॉशरूम में नहाया
वाराणसी में बाइक एजेंसी शोरूम का ताला तोड़कर और कटर से शीशा काटने वाले चोर का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में चोर शोरूम के अंदर बेखौफ टहलता नजर आ रहा है। आने के बाद से लेकर जाने के बीच उसने कई काम किए हैं। एजेंसी में वह कुर्सी पर बैठकर गोल-गोल घूमा। वॉशरूम में जाकर नहाया। गाने चलाए और काफी देर तक लुंगी डांस करता रहा। करीब 4 बजे वह बाइक लेकर फरार हो गया। आरोपी लगभग साढ़े चार घंटे तक एजेंसी के अंदर रहा। युवक सोमवार रात करीब 11:30 बजे एजेंसी पहुंचा था फिर अंदर ही लेटकर उसने एक नींद पूरी की। कुछ देर बाद उठा और फिर बाथरूम में नहाकर बाहर आया। सफेद शर्ट और जींस-जूता पहनकर हॉल में आकर मशीन ऑन कर काफी बनाई। उसने पहले टूटे हुए शीशे से बाइक निकालने की कोशिश की लेकिन जगह कम होने के चलते पूरा शीशा ही तोड़ दिया। इसके बाद बाइक एजेंसी से केटीएम एडवेंचर 390 एस (KTM Adventure 390 S) को बाहर निकाला। शोरूम के सीसीटीवी से बेखौफ युवक ने बाइक चोरी कर ली। बाइक की ऑन-रोड कीमत करीब 4 लाख 71 हजार रुपए बताई जा रही है। सुबह गार्ड ने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद एजेंसी मैनेजर मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखा। फुटेज में आरोपी और उसकी पूरी गतिविधियां कैद हुई हैं। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नहाने, काफी पीने डांस और गेट काटने और एजेंसी के अंदर युवक के घूमने का वीडियो भी सामने आया है। चोर को देखकर लग रहा था जैसे सब कुछ उसका जाना पहचाना है और उसने चेहरा छिपाने की भी कोई कोशिश नहीं की। तब उसके हाथ में किसी देवी माता की तस्वीर थी। उसने कटर से एजेंसी के शीशे वाले गेट को काटा और अंदर घुस गया। मंडुआडीह थाने के प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की कोशिश जारी है। हम उसके करीब पहुंच गए हैं, फारेंसिक ने भी सबूत उठाए हैं। जल्द ही बाइक और चोर को पकड़ लिया जाएगा। टीशर्ट, कैप और गाड़ी का कवर भी ले गया आरोपी शहर के मंडुआडीह थाना क्षेत्र में ट्रायम्फ (TRIUMPH) बाइक शोरूम है। ट्रायम्फ एक ब्रिटिश मोटरसाइकिल कंपनी है, जो प्रीमियम बाइक्स बनाती है। इसी कंपनी के नाम पर एजेंसी का नाम रखा गया है। इस शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह हैं। उन्होंने बताया, सोमवार रात करीब 10 बजे एजेंसी बंद कर हम और स्टाफ घर चले गए। मैं अपनी केटीएम बाइक एजेंसी में ही खड़ी कर गया था। चाबी उसमें लगी रह गई थी। इसे मैंने तीन महीने पहले ही खरीदा था। मैनेजर ने बताया, सुबह 5 बजे मेरे गार्ड का फोन आया की शोरूम का मेन दरवाजा टूटा हुआ है। इस पर मैं तुरंत ही एजेंसी पहुंचा। मेन गेट का एक हिस्सा नीचे से कटा हुआ था। दूसरा हिस्सा टूटा हुआ था। उसका कांच शोरूम के अंदर और बाहर फैला हुआ था। मैं शोरूम के अंदर पहुंचा। सबसे पहले शोरूम में रखीं बाइकों की गिनती की। ऑटो पार्ट्स के सामान को देखा। इसके बाद पीछे स्टॉक यार्ड, जहां हमारी बाइक्स रखी हैं, वहां गया। वहां भी बाइक चेक की। उसी जगह मैं अपनी बाइक खड़ी करके घर गया था। जब मैंने देखा तो मेरी बाइक गायब थी। हमारी एसेसरीज में हमारे ब्रांड की एक टीशर्ट और एक कैप के अलावा एक गाड़ी का कवर भी गायब था। मैंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। 15 मिनट में पुलिस एजेंसी पहुंच गई। हम लोगों ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए। कैमरे में चोर कैद हो गया था। फारेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट्स लिए हैं। 36 मिनट में दरवाजा काटा, बाइक के कवर को लुंगी बनाया, डांस किया मैनेजर रोहित कुमार सिंह ने बताया, सीसीटीवी फुटेज में ठीक 11 बजकर 30 मिनट पर सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक एजेंसी के बाहर खड़ा दिखाई दिया। उसके हाथ में एक देवी की फोटो है। फिर एजेंसी के दरवाजे को धक्का देता है। अंदर झांककर देखता है। इसके बाद कटर से शीशे का दरवाजा काटने लगा। तभी तेज बारिश शुरू हो गई तो वह पीछे की तरफ गया। वहां से बोर्ड के बैनर को फाड़कर लाया और उसे ओढ़कर बैठ गया। फिर उसने दरवाजे को काटना शुरू कर दिया। करीब 12 बजकर 6 मिनट पर रात में वह शोरूम के अंदर पहुंचा। रिस्पेशन पर रखे कंप्यूटर सिस्टम को ऑन किया। चेयर पर बैठकर काफी देर तक घूमता रहा। उसके बाद उसने कई बाइकों को खोलकर देखा। मिनी फ्रिज से पानी निकालकर पीया। उसके बाद उसने कॉफी मशीन से कॉफी बनाकर पी। वॉशरूम में नहाया। कपड़ों को उसने बाइक के ऊपर फैला दिया। एक बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी जैसा बनाया, उसने गाने चलाकर डांस किया। शोरूम की टी-शर्ट और कैप ली। इसके बाद वह बाइक लेकर चला गया। एक्सपर्ट बोले- युवक डांस कर तनाव कम करना चाह रहा होगा आरोपी युवक की मनोदशा समझने के लिए दैनिक भास्कर से लखनऊ के डॉ. रजत विश्वास से बात की। उन्होंने कहा, युवक खतरे के बीच भी तनाव महसूस नहीं कर रहा था, बल्कि स्थिति को एडवेंचर की तरह ले रहा था। हालांकि बिना चिकित्सकीय जांच के किसी निष्कर्ष निकालना गलत होगा। उन्होंने 3 पॉइंट बताए- आरोपी इन कामों के जरिए खुद को उस जगह का मालिक जैसा महसूस कर रहा हो। वह यह दिखाना चाहता था कि उसे कोई डर नहीं है और वह पूरी तरह आराम से है। अगर उसे पता था कि वहां CCTV कैमरे लगे हैं, तो संभव है कि वह सिर्फ चोरी ही नहीं कर रहा था, बल्कि चाहता था कि लोग उसकी हरकतों को देखें और उसकी चर्चा हो। यह भी हो सकता है कि चोरी से पहले वह घबराया हुआ हो। ऐसे में डांस करना, कॉफी पीना या नहाना उसके लिए खुद को शांत करने का तरीका रहा हो। कई बार लोग तनाव में अजीब तरह से व्यवहार करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे मानसिक रूप से बीमार हैं।
Read full article on Bhaskar