crime
युवक ने जहरीला पदार्थ खाया:तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल ले गए, इलाज के दौरान हुई मौत; पुलिस ने शुरू की जांच
डूंगरपुर के सरोदा थाना क्षेत्र के अखेपुर गांव में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सरोदा थाने के हेड कांस्टेबल जयपाल सिंह ने बताया कि अखेपुर निवासी पंकज डामोर ने इस बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके ताऊ का बेटा रूपसी डामोर घर पर था। इसी दौरान उनकी भाभी शीला डामोर के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि रूपसी को उल्टियां हो रही थीं। पूछने पर रूपसी ने बताया कि उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिवार वाले तुरंत उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सागवाड़ा ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखकर उसे डूंगरपुर के जनरल अस्पताल भेज दिया। डूंगरपुर में उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान रूपसी डामोर की मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिली तो वे अस्पताल पहुंचे और शव को मोर्चरी में रखवाया। जरूरी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar