top
युवती को शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप:पिता की शिकायत पर केस दर्ज, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र से एक 20 साल की युवती को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने शुक्रवार शाम 11 सितंबर को बताया कि यह मामला देवगांव पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। युवती के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का ही मोनू उनकी 20 साल की बेटी को शादी का लालच देकर भगा ले गया। पिता के मुताबिक, यह घटना 8 सितंबर की रात करीब 8 बजे हुई। आरोपी मोनू उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। रात में बेटी के घर न लौटने पर परिवारवालों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और गांव में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन 9 सितंबर की सुबह युवती गांव के बाहर एक मजार के पास मिली। परिवारवालों को सूचना मिली तो पिता मौके पर पहुंचे और उसे घर ले आए। घर पर पूछताछ करने पर युवती ने पूरी बात बताई। इसके बाद परिवारवाले उसे लेकर कुमारगंज थाने पहुंचे। पिता ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी मोनू के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि पिता की शिकायत पर जांच पड़ताल करने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। युवती का बयान दर्ज करने, मेडिकल कराने और अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar