crime
इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में चोरी करने वाले पांच शातिर गिरफ्तार:18 एसी और वाशिंग मशीन बरामद, गोदाम का ताला तोड़ लगा दिया था अपना ताला
आगरा के हरिपर्वत थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में चोरी करने वाले पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मदिया कटरा स्थित गोयल एंड कंपनी के गोदाम को निशाना बनाया था। गोदाम के पीछे वाले शटर का ताला तोड़कर आरोपियों ने अपना ताला लगा दिया था, जिससे किसी को चोरी की भनक न लगे। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में गोदाम से एसी और वाशिंग मशीन चोरी कीं। अब पढ़िए पूरा मामला एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए एसी की नौ आउटडोर और नौ इनडोर यूनिट समेत कुल 18 पार्ट बरामद किए हैं। इसके अलावा एक वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है। चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए आरोपी इसे लोडर में भरकर मथुरा ले जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-6 में कबाड़ी की दुकान के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने लोडर को रोककर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। 2,440 रुपये भी बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार उर्फ राजा, शकील कुरैशी, अभिषेक रावत, अयूब उस्मानी और पंकज शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी के माल के साथ एक लोडर, चार मोबाइल फोन और 2,440 रुपये भी बरामद किए हैं। एसीपी हरिपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar