crime
केंद्रीय विद्यालय लाइब्रेरियन पर FIR दर्ज:कानपुर में शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक संबंध रखने का आरोप
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र की एक युवती ने चकेरी स्थित केंद्रीय विद्यालय के लाइब्रेरियन शिकन्दर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि लाइब्रेरियन ने शादी का झांसा देकर करीब डेढ़ साल तक उससे संपर्क बनाए रखा और बाद में अचानक उसे ब्लॉक कर दिया। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे युवती ने इस मामले की जानकारी दी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, युवती चकेरी स्थित केंद्रीय विद्यालय में संविदा शिक्षक के तौर पर कार्यरत थी। उसकी मुलाकात 2 अगस्त 2023 को स्कूल में तैनात लाइब्रेरियन शिकन्दर कुमार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हो गई। युवती के मुताबिक, जून 2024 से दोनों की सोशल मीडिया पर नियमित बातचीत शुरू हुई। करीब तीन महीने बाद आरोपी ने बातचीत के लिए इंस्टाग्राम के वैनिश मोड का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। युवती ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान शिकन्दर उसे लगातार शादी का भरोसा देता रहा और कोर्ट मैरिज करने तथा भविष्य में साथ रहने की बात कहता था। करीब डेढ़ साल तक दोनों के बीच संपर्क रहा। आरोप है कि इस दौरान दोनों के बीच निजी बातचीत हुई और आपत्तिजनक सामग्री भी साझा की गई। युवती का कहना है कि शादी के भरोसे के कारण वह युवक पर विश्वास करती रही। युवती का दावा है कि 10 फरवरी को उसे शिकन्दर की शादी की जानकारी मिली। तहरीर के मुताबिक, यह जानकारी उसे एक केंद्रीय विद्यालय के सहकर्मी के व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए मिली। शादी की बात सामने आने के बाद उसे गहरा सदमा लगा। युवती ने आरोपी की पत्नी पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है और बताया कि इस घटनाक्रम के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गई है। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar