crime
खरगोन में चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार:21.50 लाख के जेवर मिले; इन पर गुजरात, इंदौर और सतना में भी केस
खरगोन पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सनावद और कसरावद क्षेत्र से चोरी गए करीब 21.50 लाख रुपए के सोने के आभूषण मिले हैं। एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में सनावद और कसरावद क्षेत्र में चोरी की वारदातें कबूल की हैं। सनावद के जुनापानी स्थित नवोदय स्कूल के टीचर स्टाफ क्वार्टर से फरवरी में सोने के आभूषण चोरी हुए थे, जिस पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसके अलावा कसरावद की घटना से जुड़े 4 लाख रुपए के आभूषण भी मिले। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को आलीराजपुर और धार जिले के बदमाशों के शामिल होने के सुराग मिले। पुलिस टीम ने दबिश देकर आलीराजपुर के सोमला बघेल, रामसिंह, महेश उर्फ नानका और धार जिले के अजय कालू और शंकर गोराडिया को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल मिला और आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मिला आरोपियों पर गुजरात, इंदौर, सतना, झाबुआ सहित अन्य जिलों में चोरी, लूट और डकैती के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी सोमला पर करीब 15 और शंकर पर 5 केस दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मध्य प्रदेश के अलावा तेलंगाना और हैदराबाद में भी चोरी की वारदातें अंजाम देने की बात स्वीकारी है, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar