crime
मवेशी ले जा रहे ग्रामीणों से 10 हजार रुपए की लूट
भास्कर न्यूज | कवर्धा मवेशी लेकर जा रहे ग्रामीणों को पुलिस में रिपोर्ट कर जेल भिजवाने की धमकी देकर 10 हजार रुपए लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक जिला अस्पताल में संविदा पर पदस्थ डेंटल असिस्टेंट और दूसरा वार्ड ब्वॉय है। आरोपियों ने ग्रामीण से 5 हजार रुपए नकद व 5 हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से लिए थे। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से बची 1300 रुपए की रकम और दूसरे के पास से घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लालजी सिन्हा ने बताया कि ग्राम सिवनीकला निवासी गोपाल साहू ने 31 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह अपने साथी नोहर निषाद के साथ मवेशी लेकर पैदल रेंगाखारकला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरोधा बांध के नीचे ओमकार सिंद्राम अपने साथियों के साथ पहुंचा। उसने पुलिस में रिपोर्ट कर जेल भिजवाने की धमकी देकर दोनों से 5 हजार रुपए नकद ले लिए। इसके बाद फोन-पे के माध्यम से भी 5 हजार रुपए प्राप्त किए। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने ओमकार सिंद्राम पिता उमेद सिंह सिंद्राम (31), निवासी अमेरा, थाना तरेगांव जंगल, हाल निवासी छीरपानी कॉलोनी कवर्धा और यशवंत कुमार पटेल पिता सुशील कुमार (45),निवासी घोघराकला, थाना पंडरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। घटना में संलिप्तता सामने आई। शासकीय कार्यालय में घुसकर दी थी धमकी ओमकार सिंद्राम के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का एक अन्य मामला भी दर्ज है। 15 अक्टूबर को जल संसाधन विभाग कार्यालय में कार्यपालन अभियंता की बैठक चल रही थी। इसी दौरान आरोपी कार्यालय में घुस गया। अपनी पत्नी को शासकीय आवास खाली कराने के लिए बार-बार नोटिस दिए जाने की बात पर उसने अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। चौकीदार रोहित कुमार श्रीवास की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। ओमकार की गिरफ्तारी हुई है।
Read full article on Bhaskar