crime
लैपटॉप वापस मांगते ही...कार में युवती से मारपीट:भोपाल में देर रात होटल के बाहर छोड़ भागा 3 साल पुराना दोस्त; शहडोल से पहुंचे पिता
भोपाल में तीन साल की दोस्ती के बाद लैपटॉप लौटाने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने कार के अंदर ही युवती के साथ मारपीट कर दी। शनिवार देर रात होटल के बाहर हुई घटना के बाद आरोपी उसे अकेला छोड़कर कार से फरार हो गया। घायल युवती ने घर पहुंचकर पिता को वीडियो कॉल किया और पूरी घटना बताई। बेटी की हालत देखकर पिता शहडोल से भोपाल पहुंचे। रविवार को इलाज कराने के बाद वे बेटी को लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। हबीबगंज पुलिस ने आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती मूल रूप से शहडोल की रहने वाली है। उसने बीटेक किया है और भोपाल की एक निजी कंपनी में आर्किटेक्ट के तौर पर काम कर चुकी है। करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़कर वह अपने गृह जिले चली गई थी। एक सप्ताह पहले ही भोपाल लौटी थी। उसकी पहचान अयोध्या नगर के भवानी धाम निवासी विकास यादव से करीब तीन साल पुरानी है। लैपटॉप वापस मांगा तो विवाद शुरू हुआ युवती ने पुलिस को बताया कि विकास कुछ समय पहले उससे लैपटॉप मांगकर ले गया था। जब उसने लैपटॉप वापस मांगा तो वह टालमटोल करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद विकास उसे कार से 12 नंबर मल्टी ले गया। वहां बातचीत के बाद उसने युवती को होटल राजहंस में खाना खाने चलने के लिए कहा। होटल के बाहर छोड़कर भागा रात करीब 12 बजे होटल के बाहर लैपटॉप को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विकास ने कार के अंदर युवती के साथ मारपीट की और उसे वहीं छोड़कर भाग निकला। युवती ने रैपिडो बुक की और घर पहुंची। इसके बाद पिता को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। वीडियो कॉल पर बेटी की हालत देख शहडोल से पहुंचे पिता युवती के पिता शहडोल में सोने-चांदी के व्यापारी हैं। बेटी का वीडियो कॉल आने के बाद वे तत्काल भोपाल पहुंचे। पहले बेटी का इलाज कराया और फिर उसे लेकर हबीबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने युवती की शिकायत पर विकास यादव के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Read full article on Bhaskar