crime
मिर्जापुर में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार:संकरी गली में युवती से टकराने के बाद हुआ विवाद, गांव में पुलिस तैनात
मिर्जापुर में जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी गांव में 60 वर्षीय अछैवर बियार की लाठी और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात हुई घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों मन्नू अंसारी, नसीम अंसारी और सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों पक्षों के अलग-अलग समुदाय से होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। युवती से टकराने के बाद हुआ विवाद डोहरी गांव निवासी अछैवर बियार थाली बजाकर बाजारों और गांवों में घूमकर भीख मांगते थे। शुक्रवार रात वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरसात के कारण गांव की संकरी गली में उनकी एक युवती से टक्कर हो गई। युवती ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि इसके बाद मन्नू अंसारी, नसीम अंसारी और सद्दाम अंसारी ने वृद्ध को गांव के एक बगीचे में रोक लिया। वहां लाठी और लोहे की रॉड से उनकी जमकर पिटाई कर दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया मारपीट में गंभीर रूप से घायल अछैवर को ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके तीन पुत्र बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। तनाव के चलते गांव में पुलिस तैनात घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एसडीएम अनेग सिंह और सीओ गायत्री यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया कि हत्या के मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पांच साल पहले भी हमले का आरोप ग्रामीणों के अनुसार, अंसारी परिवार करीब पांच साल पहले गांव के बिहारी बियार पर भी जानलेवा हमला कर चुका है। उस हमले में महीनों इलाज के बाद उनकी जान बच पाई थी।
Read full article on Bhaskar