politics
मतदान केंद्रों पर कलेक्टर-एसपी ने देखी व्यवस्थाएं
दलोट | पंचायती राज आम चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के मतदान के दौरान जिला प्रशासन मुस्तैद रहा। जिला कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी शुभम चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने तहसीलदार सत्यनारायण शर्मा के साथ दलोट पंचायत समिति क्षेत्र की अलग-अलग ग्राम पंचायतों के दर्जनों मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, मतदाताओं की सुविधाएं देखीं। कलेक्टर और एसपी का काफिला सुबह से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचता रहा। अधिकारियों ने कतार में खड़े मतदाताओं से बात की। मतदानकर्मियों से प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शुभम चौधरी ने बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला मतदाताओं के लिए सुविधाएं देखीं। मतदानकर्मियों को निर्देश दिए कि किसी मतदाता को परेशानी नहीं हो। छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित रखने को कहा। पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने मतदान केंद्रों के बाहर तैनात जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। गड़बड़ी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अफवाह फैलाने वालों पर भी तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्र में पुलिस की विशेष टीमें लगातार गश्त करती रहीं। पत्रकारों से बातचीत में कलेक्टर शुभम चौधरी ने कहा कि दलोट पंचायत समिति क्षेत्र की 28 ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान कराना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता रही। इसे सफलता भी बताया। कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू चल रही हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का उत्साह दिख रहा है। सुबह से लंबी कतारें लोकतंत्र के प्रति विश्वास और जागरूकता दिखाती हैं। तहसीलदार सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि मतदान को लेकर पहले से व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वीडियोग्राफी की व्यवस्था रही। आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी रखी गईं।
Read full article on Bhaskar