crime
नेशनल हाईवे में स्कूटी सवार व्यवसायी को ट्रेलर ने कुचला:शुक्रवार शाम हादसा, मौके पर हो गई मौत, खराब सड़क बनी हादसे का कारण
नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-रायगढ़ रोड में सीतापुर के सेंट्रल बैंक चौक में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा खराब सड़क पर स्कूटी के अनियंत्रित हो जाने के कारण हुआ। स्कूटी सवार व्यवसायी की स्कूटी सहित सड़क पर गिर गये थे। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, किराना के थोक व्यापारी, निहारिका स्टोर्स के संचालक त्रिलोक चंद गोयल (70 वर्ष) शुक्रवार शाम अपनी स्कूटी में सवार होकर बाजार जाने के लिए निकले थे। वे स्कूटी से सेंट्रल बैंक चौक पहुंचे, जहां स्कूटी गड्ढे में अनियंत्रित हो गई। सड़क पर गिरे, ट्रेलर ने कुचला स्कूटी के अनियंत्रित हो जाने से त्रिलोक चंद गोयल सड़क पर गिर गये। गाड़ी से गिरते ही वे ट्रेलर के पिछले चक्के से कुचल गये। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद करीब आधे घंटे तक मृतक का शव सड़क पर पड़ा रहा। इस दौरान अस्पताल की एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में पुलिसकर्मियों ने शव को स्ट्रेचर से उठाकर करीब 100 मीटर तक ले जाया। इसके बाद ऑटो के माध्यम से शव को हास्पिटल पहुंचाया गया। शव को मार्च्युरी में रखा गया है। सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर आक्रोश स्थानीय लोगों के अनुसार जहां हादसा हुआ, वहां सड़क खस्ताहाल है। मुख्यमंत्री ने कल ही इस सड़क के नवनिर्माण का भूमिपूजन किया है। बारिश के कारण सड़क और खतरनाक हो गई है। सीतापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar