crime
पन्ना से चोरी पिकअप चंदला-लवकुशनगर में मिला:एक आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश; बाइक भी जब्त
पन्ना पुलिस ने रानीगंज मोहल्ले से चोरी हुआ महिंद्रा पिकअप वाहन चंदला-लवकुशनगर इलाके से बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है। चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। राजेन्द्र कुमार यादव निवासी रानीगंज मोहल्ला, पन्ना ने 25 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात पुरुषोत्तमपुर में उनकी दुकान के पास खड़ा महिंद्रा पिकअप वाहन (MP 35 GA 0719) चोरी हो गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी जानकारी की मदद से आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का पिकअप चंदला-लवकुशनगर इलाके में देखा गया है। साथी के साथ मिलकर चोरी पुलिस टीम ने भितरिया तिराहे के पास वाहन के साथ एक युवक को पकड़ा। उसने अपना नाम घनश्याम सिंह बैस, निवासी ग्राम धरमपुर, जिला छतरपुर बताया। पुलिस के मुताबिक, घनश्याम ने साथी सौरभ सेंगर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर 6 लाख 50 हजार रुपए कीमत का पिकअप और चोरी में इस्तेमाल 50 हजार रुपए कीमत की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई। सौरभ सेंगर की तलाश जारी है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत नायक, उपनिरीक्षक शक्ति प्रकाश पाण्डेय और साइबर सेल टीम शामिल रही।
Read full article on Bhaskar