crime
शाम 6 बजे के बाद सायरन बजाकर गश्त करेगी पुलिस:DGP ने दिए निर्देश, बाजारों में अफसर करेंगे फुट पेट्रोलिंग, पटाखों की दुकानों की होगी जांच
धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व को देखते हुए यूपी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। डीजीपी राजीव कृष्णा ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर शाम 6 बजे के बाद यूपी-112 की गाड़ियां तय अंतराल पर सायरन बजाकर गश्त करेंगी, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे। डीजीपी ने ऑनलाइन बैठक में अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी खुद बाजारों में फुट पेट्रोलिंग करें। इस दौरान सिर्फ गश्त करने के बजाय दुकानदारों और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनें। स्थानीय अपराध और घटनाओं के पैटर्न का विश्लेषण करने के बाद संवेदनशील इलाकों में पुलिस पिकेट और अतिरिक्त बल तैनात किया जाए। पटाखों की दुकानों की जांच व सुरक्षा इंतजाम जरूरी दीपावली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अस्थायी दुकानों और भंडारण स्थलों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। पटाखों की दुकानें मुख्य बाजार से अलग खुले और सुरक्षित स्थानों पर लगाई जाएंगी। इनके लिए अस्थायी लाइसेंस अनिवार्य होगा। दुकानों पर पानी, रेत और अग्निशमन यंत्र रखने होंगे। डीजीपी ने पिछले पांच साल में पटाखों से हुए हादसों और मौतों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। दीपावली से छठ तक अग्निशमन विभाग को अलर्ट रखा जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर दमकल संसाधन उपलब्ध रहेंगे, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। भैयादूज पर महिला सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भैयादूज पर महिलाओं की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सार्वजनिक परिवहन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग होगी। साथ ही त्योहारों में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक ड्यूटी का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा। प्रमुख मार्गों और जाम वाले स्थानों पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। संगठित गिरोह का खुलासा करने के बाद पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को अलग से निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी गैंग का खुलासा होने के बाद पुलिस की कार्रवाई सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। गैंग के पूरे नेटवर्क, दूसरे जिलों में उसके संपर्क और गतिविधियों की भी जांच की जाए। अवैध असलहों की सप्लाई कहां से हो रही है और मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क किन लोगों के जरिए चल रहा है, इसकी जानकारी जुटाकर पूरी सप्लाई चेन पर कार्रवाई की जाए। इसके लिए एसटीएफ और दूसरे जिलों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
Read full article on Bhaskar