environment
धुरमा झरने में पर्यटक कर रहे खतरनाक स्टंट:तेज बहाव के बीच चट्टानों पर चढ़कर खिंचवा रहे फोटो,जरा सी चूक से जा सकती है जान
सुकमा के धुरमा झरने में तेज बहाव के बीच चट्टानों पर चढ़कर फोटो खिंचवाने और स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। बारिश के कारण झरने का पानी तेज है और चट्टानें भी फिसलन भरी हैं। ऐसे में पर्यटकों की यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पर्यटन स्थल पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड की जरूरत महसूस हो रही है। धुरमा झरने का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ पर्यटक तेज बहाव वाले पानी के बीच चट्टानों पर चढ़कर फोटो खिंचवा रहे हैं और स्टंट कर रहे हैं। जिस जगह पर यह स्टंट हो रहा है, वहां पानी का बहाव बहुत तेज है। ऐसे में पैर फिसलने पर कोई भी गहरे पानी में बह सकता है। बारिश के मौसम में झरने का जलस्तर और पानी का बहाव और बढ़ जाता है। चट्टानों पर भी फिसलन रहती है। ऐसे में सिर्फ एक फोटो या रोमांच के लिए बहते पानी और खतरनाक चट्टानों तक जाना जानलेवा हो सकता है। धुरमा जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों की जरूरत महसूस हो रही है। स्थानीय लोगों और प्रशासन को यहां सुरक्षाकर्मी तैनात करने चाहिए। साथ ही खतरनाक जगहों पर जाने से रोकने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाने चाहिए। पर्यटकों को भी रोमांच के बजाय अपनी सुरक्षा को सबसे पहले रखना चाहिए और सुरक्षित जगह से ही झरने का मजा लेना चाहिए।
Read full article on Bhaskar