crime
आंगनबाड़ी कार्यकत्री की संदिग्ध हालात में मौत:मोबाइल की किस्त लेने पहुंचे एजेंट को हुआ शक; कमरे में मिला शव, भाई-भाभी पर हत्या का आरोप
बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के लोधौरा में रविवार शाम करीब 6 बजे आंगनबाड़ी कार्यकत्री का शव घर के अंदर कमरे में मिला। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। छोटी बहन वंदना ने संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए अपने भाई संदीप और भाभी शीतल के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोबाइल की किस्त लेने पहुंचा था एजेंट लोधौरा के पूर्व महादेव निवासी महिला लोधौरा-4 आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकत्री के पद पर तैनात थी। रविवार शाम मोबाइल की किस्त लेने एक एजेंट उसके घर पहुंचा। उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने इसकी सूचना छोटी बहन वंदना को दी। उसकी शादी परसपुर में हुई। सूचना मिलने पर वंदना बहन के घर पहुंची। अंदर कमरे में बहन का शव पड़ा देखकर वह घबरा गई। इसके बाद महादेव पुलिस चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। वंदना ने संपत्ति विवाद को मौत की वजह बताते हुए भाई संदीप और भाभी शीतल पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस तहरीर और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Read full article on Bhaskar