crime
अररिया में 332 ग्राम स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार:मालदा का व्यक्ति एनएच-27 से पकड़ा गया, 3 थाना क्षेत्रों में पुलिस की छापेमारी
अररिया में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर तीन लोगों को 332.32 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस अब इस कारोबार के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को पश्चिम बंगाल से स्मैक लेकर एक व्यक्ति के अररिया जीरोमाइल होते हुए फारबिसगंज जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर नगर थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर छापेमारी की गई। पुलिस ने अकबर अली (50) को गिरफ्तार किया। वह पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के बैशनाबनगर थाना क्षेत्र के दाउद मंडल टोला का निवासी है। उसके पास से 194.74 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। पलासी में भाई के साथ कारोबार का आरोप, एक फरार दूसरी कार्रवाई पलासी थाना क्षेत्र के चरेबना गांव के वार्ड नंबर-1 में हुई। पुलिस के मुताबिक, रजाबुल उर्फ ठोकना और उसका भाई तजेमुल स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे थे। छापेमारी के दौरान तजेमुल को उसके घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि रजाबुल फरार हो गया। तजेमुल के पास से 111 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इस मामले में पलासी थाना कांड संख्या 451/26 दर्ज किया गया है। ताराबाड़ी में 26.58 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार तीसरी कार्रवाई ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने पटेगना वार्ड नंबर-1 निवासी विकास विश्वास उर्फ विकास कुमार यादव (30) को 26.58 ग्राम स्मैक जैसे पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में ताराबाड़ी थाना कांड संख्या 182/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तस्करी के स्रोत और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में मादक पदार्थ के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस तस्करी की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
Read full article on Bhaskar