crime
भिंड में तीन घरों से 1 लाख के पटाखे जब्त:रिहायशी इलाके में अवैध रूप से रखा था जखीरा
भिंड के अमायन थाना क्षेत्र के अड़ोखर गांव में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को तीन घरों पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों घरों में बिना अनुमति के रिहायशी इलाके में आतिशबाजी जमा की गई थी। अमायन थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव की रिहायशी बस्ती में कुछ लोगों ने बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद तहसीलदार मायाराम यादव और पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम ने गांव में कार्रवाई की। तीन घरों से मिली पटाखों की खेप टीम ने शब्बीर खान पुत्र कल्लू खान, पान खान पुत्र मुंशी खान और अनवर पुत्र मुंशी खान के घरों की तलाशी ली। इस दौरान तीनों घरों से बड़ी संख्या में पटाखे और आतिशबाजी सामग्री मिली। जब्त सामग्री में 100 पैकेट काशीराम सुतली वाले, 20 पैकेट काशीराम पटाखे, 100 अनार, चकरी और आवाज करने वाले गोले सहित अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर ली। रिहायशी इलाके में जमा करना था खतरनाक पुलिस के मुताबिक, घरों में इतनी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी जमा करना आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता था। आग लगने या दूसरी दुर्घटना की स्थिति में आसपास के मकानों तक आग फैलने का जोखिम था। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई तहसीलदार मायाराम यादव और अमायन थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा के नेतृत्व में की गई।
Read full article on Bhaskar