crime
हरदोई में ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत:लखीमपुर का रहने वाला था, बहनोई के घर से लौटते समय हुआ हादसा
हरदोई जनपद में बघौली-प्रतापनगर रोड पर डकैया गांव के पास मंगलवार की दोपहर 2:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई, जिससे युवक सड़क पर गिर गया और टायर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक अपने बहनोई के यहां से गांव वापस जा रहा था। जानकारी के अनुसार, मितौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसनपुर छेदना निवासी 28 वर्षीय उत्तम कुमार पुत्र राजाराम मजदूरी करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। सोमवार को उत्तम बघौली में पावर हाउस के पास रह रहे अपने चचेरे बहनोई रामकिशोर के घर आए थे। एक रात वहां रुकने के बाद मंगलवार को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वह बघौली थाना क्षेत्र के डकैया गांव के पास पहुंचे, तो एक ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद उत्तम जमीन पर गिर गए। टायर के नीचे आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी मनोरमा देवी, एक बेटा और एक बेटी है। इस अचानक हुई दुर्घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar